छोटी-छोटी बातों को बेवजह बडा मुद्दा ना बनाए इससे प्रदेश का वातावरण खराब होता है-हरिनाम सिंह वर्मा
रिपोर्ट अमन मलिक
रामपुर मनिहारान-भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा ने कहा कि देेश के अंदर हिंसा का माहौल तैयार किया जा रहा है।हिंदू-मुसलमान के मुद्दों को बेवजह बढ़ावा दिया जा रहा है जो ठीक नहीं है। इससे न केवल प्रदेश के मुख्यमंत्री और सत्ताधारी भाजपा को नुकसान होगा, बल्कि यूपी की आम जनता भी इसकी चपेट में आ सकती है।
हरिनाम सिंह वर्मा रामपुर मनिहारान में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी जगपाल सिंह के भाई तेजपाल सिंह के स्वर्गवास के बाद शोक संवेदना व्यक्त करने शिवपुरी कॉलोनी स्थित उनके आवास पर पहुंचे थे। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब भाईचारे का माहौल बिगड़ता है और हिंसा को बढ़ावा दिया जाता है, तो उसका सीधा असर देश और प्रदेश की शांति पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि संगठन किसानों के हित में काम करने के लिए बना है। यदि कोई भी व्यक्ति संगठन के नाम पर किसानों का शोषण करता पाया गया, तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। संगठन ने पहले भी ऐसे लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया है। उन्होंने कहा कि संगठन में "माफी" नाम की कोई चीज नहीं है। हरिनाम सिंह वर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की रीति नीति के अनुसार ही कार्य करें और किसानों के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ें। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में किसानों और गरीबों के कई गंभीर मुद्दे है जिन पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। वर्मा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदेश में वर्तमान समय में बन रहे तनावपूर्ण माहौल को नहीं रोका गया, तो आने वाले समय में इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में यदि कोई व्यक्ति जुबान से कुछ बोल देता है, तो उस पर बड़ा बखेड़ा खड़ा कर दिया जाता है। सरकार को इस पर भी ध्यान देना चाहिए कि छोटी-छोटी बातों को बेवजह बडा मुद्दा न बनाया जाए। इससे प्रदेश का वातावरण खराब होता है। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक,प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी जगपाल सिंह, रविन्द्र चौधरी, शेरपाल सिंह, रईस चौधरी,मुकुल चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ