प्रदेश का पहला प्लांट होगा सहारनपुर का सीबीजी गैस प्लांट
-पणजी जा रहे पार्षद दल को नगरायुक्त ने दी जानकारी
पणजी में कूड़ा प्रबंधन, जल संरक्षण आदि का अध्ययन करेंगे सहारनपुर के पार्षद
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर शहरी विकास के विभिन्न आयामों का अध्ययन करने पणजी नगर निगम जा रहे पार्षदों के दल को आज नगरायुक्त संजय चौहान ने सहारनपुर द्वारा सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए किये जा रहे कार्याे एवं बनायी जा रही योजनाओं से अवगत कराया, ताकि पणजी नगर निगम के साथ उसे साझा किया जा सके। पार्षदों को स्मार्ट सिटी की कुछ विशेष परियोजनाओं की भी जानकारी दी गयी। उधर महापौर डॉ. अजय कुमार ने भी पार्षद दल के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए सहारनपुर निगम की सशक्त प्रस्तुती देने को कहा। निगम के महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार भी पार्षद अध्ययन दल में शामिल रहेंगे।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि पार्षदों का एक 28 सदस्यीय दल पणजी नगर निगम में शहरी विकास के विभिन्न आयामों का अध्ययन करने जा रहा है जो वहां जल निस्तारण, जल संरक्षण, जल निकासी, सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन व मनोरंजन आदि जटिल विषयों पर तीन दिन के दौरान विभिन्न सत्रों में चर्चा करेगा। जिससे कि वहां प्रयोग की जा रही तकनीक, ज्ञान एवं कार्याे का अनुभव लेकर शहर में विकास के विभिन्न आयामों में हिस्सेदारी कर सकें। उन्होंने कहा कि सहारनपुर नगर निगम ने पार्षदों के स्तर पर अध्ययन का यह अनूठा प्रयोग शुरु किया है। इससे पूर्व प्रदेश के महापौर सीईपीटी यूनिवर्सिटी के नेतृत्व में अहमदाबाद व सूरत आदि नगर निगमों का दौरा कर चुके हैं। शहरी विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित 16 वे वित्त की तैयारी बैठक में भी सहारनपुर के महापौर डॉ. अजय कुमार प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। नगरायुक्त संजय चौहान ने आज पार्षद दल को बताया कि मुंबई के बाद पणजी विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण एवं व्यवसायिक नगर है। उन्होंने बताया कि देश में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए पणजी नगर निगम का उदाहरण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्षद दल को जहां पणजी के विकास एवं महत्वपूर्ण योजनाओं का अध्ययन करना है वहीं सहारनपुर नगर निगम की योजनाओं को भी सशक्त एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना होगा। नगरायुक्त ने नगर निगम सहारनपुर द्वारा सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तीन चरणों पहला-प्राइमरी क्लेक्शन, दूसरा-ट्रांस्पोर्टेशन तथा तीसरे-साइंटिफिक डिस्पोजल के सम्बंध में स्मार्ट स्क्रीन पर विस्तार से समझाते हुए जानकारी दी।नगरायुक्त ने बताया कि पणजी द्वारा सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट की खाद बनाने की तकनीक काफी पुरानी हो चुकी है, जबकि नगर निगम अत्याधुनिक तकनीक के साथ आगामी बीस वर्षों की योजना पर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर निगम सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए भारत सरकार की नवरत्न संस्था बीपीसीएल के साथ सीबीजी ( कम्प्रैस्ड बायो गैस) परियोजना पर अनुबंध करने के अंतिम चरण में है। प्रदेश में यह कूड़ा प्रबंधन का ऐसा पहला प्लांट होगा। इससे निर्मित सीबीजी गैस को घरेलू उपयोग के अलावा वाहनों एवं इण्डस्ट्री में भी प्रयोग किया जा सकेगा। सीबीजी देश की सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट की सर्वश्रेष्ठ व्यवस्था है। नगरायुक्त ने निगम द्वारा अभी तक कूड़ा प्रबंधन के लिए अपनायी जा रही प्रक्रिया एमआरएफ, आरडीएलएफ तथा एसएलएफ आदि उपायों के सम्बंध में भी अवगत कराया। अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने सीबीजी की प्रक्रिया के सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी।
0 टिप्पणियाँ