Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए स्वयं को राघव समझकर कार्य करें-योगी आदित्यनाथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए स्वयं को राघव समझकर कार्य करें-योगी आदित्यनाथ

रिपोर्ट-अमान उल्ला खान/धर्मेन्द्र अनमोल

सहारनपुर-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के लोकतंत्र को सही व गलत हाथों में सौंपने की जिम्मेदारी प्रत्येक व्यक्ति की है और वह अपने वोट का इस्तेमाल किस दिशा में करे, यह उन्हें तय करना है। गलत हाथों में जाने से कर्फ्यू व अराजकता का माहौल मिलता है और वहीं प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में जाने से विकसित भारत की गारंटी मिलती है। 


आज वह प्रबुद्ध लोगों से संवाद करने आए हैं ताकि देश का भविष्य व दिशा तय की जा सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गांधी पार्क स्थित सेठगंगाप्रसाद माहेश्वरी जनमंच सभागार में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने लगभग 45 मिनट के सम्बोधन में प्रत्येक पहलू को छूने का प्रयास कर हर व्यक्ति को अपने पक्ष में करने का भरसक प्रयास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उनका यह पहला प्रबुद्ध नागरिक संवाद है जिसमें प्रत्येक वर्ग से जुड़े व्यक्ति मौजूद हैं और उन्हें तय करना है कि वह अपना वोट किसको देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए स्वयं को राघव समझकर कार्य करें। उन्होंने कांग्रेस, सपा एवं बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अलोकतांत्रिक व लोकतांत्रिक सरकार के गठन के लिए उन्हें अपने आपको तैयार करना होगा क्योंकि गलत हाथों में वोट जाने से अराजकता, कर्फ्यू जैसा माहौल दिखाई देगा तो वहीं मोदी के साथ जाने से कांवड़ यात्रा, विकसित भारत व  भाजपा का सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार जनपद की पांच सीटों पर परचम लहराने का काम किया गया, उसी प्रकार राघव लखनपाल शर्मा को भी सफल बनाना होगा। सहारनपुर का विकास उत्तर प्रदेश का विकास होगा। उन्होंने कहा कि गैर भाजपा सरकारों में व्यापारी, उद्योगपति, बेटी-बहू सुरक्षित नहीं थी। रात में निकलना दुश्वार था, लेकिन भाजपा सरकार ने सभी को सुरक्षा का माहौल देते हुए सम्मान के साथ जीना सिखाया है। उन्होंने कहा कि वोट सभी का लोकतांत्रिक अधिकार है। इसका सही व गलत प्रयोग करना यह उन पर ही निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि आज देश में जाति व धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया जा रहा है और 2014 से पहले के भारत और अब के भारत में एक बड़ा परिवर्तन हुआ है। 140 करोड़ लोगों का पूरे विश्व में सम्मान बढ़ा है। जबकि इससे पहले स्थिति बेहद निराशाजनक थी और देश के लोगों को सम्मान नहीं मिलता था। अब जनता को तय करना है कि एनडीए या इंडी को प्रथम करना है। तुष्टिकरण, परिवारवाद व जातिवाद की राजनीति से बचने के लिए हमें लोकतंत्र में सही तरीके से काम करने वाली सरकार को सत्ता में लाना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 मेधावी छात्र एवं शिक्षको को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित